नई टिहरी : उत्तराखण्ड को नशा मुक्त करने की मांग को लेकर बुधवार को पांचवें दिन भी राज्य आंदोलनकारी देवी सिंह पंवार का अपने आवास पर अनशन जारी रहा। इस मौके पर पंवार ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने उत्तराखण्ड प्रदेश को बनाने के लिए अपनी जानें तक दांव पर लगाई। जिस सोच व युवाओं की भलाई के हमने प्रदेश का निर्माण किया था। आज प्रदेश की योजनायें व नीती उसके विपरीत नजर आ रही हैं। सरकार ने पूरे प्रदेश को नशे में झोंक दिया है। मुंडन, जन्म से लेकर शादियों जैस पवित्र कार्यों में शराब का बोलबाला देखने को मिल रहा है। शराब के लिए सरकार की बनाई नीतीयों से शराब माफिया तो फल-फूल रहे हैं। लेकिन युवा पीढ़ी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। इस मौके पर लम्बगांव व्यापार मंडल के अध्यक्ष युद्धवीर राणा, कुंवर सिंह पंवार, चंद्र शैखर पैन्यूली, हरि प्रसाद डिमरी, धनपाल सिंह पंवार, जयेंद्र सिंह रांगड़, पूर्व सभासद सौरभ रावत आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)