देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के परवल नयागांव हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी क्रेटा कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार की पिछली सीट पर बैठे पांवटा साहिब निवासी कारोबारी दिनेश खुराना की मौके पर मौत हो गई। उनका एक परिचित गंभीर घायल है। मामले में पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि पांवटा साहिब, सिरमौर के वार्ड नंबर सात निवासी सुप्रिया खुराना ने शनिवार को तहरीर दी। कहा कि पांच अप्रैल की रात करीब 12:10 बजे वह अपने पति दिनेश और बेटे के साथ देहरादून से वापस घर लौट रही थीं। परवल नयागांव में नए हाईवे पर उन्होंने अपने परिचित शाकुल गर्ग की गाड़ी के पीछे अपनी क्रेटा सड़क के एकदम बाईं ओर सुरक्षित खड़ी की थी। तभी पीछे से बिना हेडलाइट जलाए बेहद तेज गति से आ रही हुंडई आई-20 ने उनकी कार में पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि क्रेटा 20 फीट आगे जा गिरी। हादसे में पिछली सीट पर बैठे दिनेश खुराना की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, कार के बाहर खड़े शाकुल गर्ग भी कार की चपेट में आकर करीब 20-22 फीट तक घिसटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी कार समेत चालक मौके से भाग निकला। घटनास्थल पर गिरे बोनट से मिले नंबर के आधार पर वाहन मालिक का नाम अमन कुमार बताया जा रहा है। इंस्पेक्टर गुसाईं ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।