अल्मोड़ा। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि राज्य में पेपर लीक के नाम पर लाखों युवाओं से भद्दा मजाक किया जा रहा है। कहा कि पेपर लीक प्रकरण प्रदेश सरकार की जीरो टलरेंस नीति पर करारा तमाचा भी है। अब ऐसे मामलों को रोकने के लिए भ्रष्ट अधिकारियों और अपराधियों पर लगाम लगाने का एकमात्र उपाय ये है कि अभी तक हुए सभी पेपर लीक प्रकरणों की सीबीआई जांच कराई जाय। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर इन प्रकरणों से युवा अवसाद में जा रहे हैं, वहीं, दूसरी ओर इन परीक्षाओं को कराने में सरकार का करोड़ों रुपया भी बर्बाद हो रहा है। कहा कि पहले यूकेएसएसएससी और उसके बाद पटवारी-लेखपाल परीक्षा का पेपर लीक होना स्पष्ट संकेत है कि प्रदेश सरकार नकल माफिया पर अंकुश लगाने में फेल साबित हो रही है। कर्नाटक ने कहा कि आज प्रदेश सरकार की नाकामी के चलते युवा इन नकल माफियाओं के हाथ की कठपुतली बनकर रह गया है। जो प्रदेश सरकार के लिए शर्मनाक है। उन्होंने प्रदेश सरकार से सभी पेपर लीक प्रकरणों की अविलम्ब सीबीआई जांच कराकर दोषियों को दण्डित करने की मांग की। मांग की कि माफियाओं के लिए सख्त सजा का प्रावधान वाला कानून तुरंत लाया जाए।