पार्षद ने किया टैक्स वसूलने के निर्णय का विरोध

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम की ओर से निगम के नए वार्डों से टैक्स वसूलने के निर्णय का विरोध शुरू हो गया है। लोगों का कहना है कि निगम के इस निर्णय को किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर जल्द ही निगम ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया जाएगा।
जहां गत मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने तहसील परिसर में उक्त निर्णय के विरोध में प्रदर्शन किया था, वहीं अब पार्षद कमल सिंह नेगी ने नगर निगम की ओर से निगम के नए वार्डों से टैक्स वसूलने के निर्णय का विरोध किया है। कहा कि वार्डवासियों पर थोपे जा रहे टैक्स को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बुधवार को पार्षद ने निगम में पहुंचकर नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया। पार्षद ने कहा कि नगर निगम गठन के दौरान शासन ने निगम में शामिल नए वार्डों से दस वर्ष तक टैक्स नहीं वसूलने का वादा किया था। लेकिन, ढाई साल में ही नगर निगम टैक्स वसूलने की तैयारी करने लगा। कहा कि भाबर क्षेत्र के अधिकांश जनता खेती पर निर्भर है, ऐसे में उन पर जबरन टैक्स थोपना गलत है। उन्होंने निगम से टैक्स वसूलने के निर्णय को वापस लेने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *