नई टिहरी : राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती वर्ष पर पर्यटन विभाग की ओर से बुधवार को टिहरी बांध की झील में रोमांचक वाटर स्पोट्र्स गतिविधियों का शो आयोजित किया गया। जिसका उद्देश्य लोगों को साहसिक पर्यटन और इसके रोमांच से रूबरू कराना था। शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक एवं स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि रजत जयंती वर्ष पर पर्यटन विभाग जिलेभर में स्वच्छता अभियान, पर्यटन गोष्ठियां, एरो स्पोट्र्स गतिविधियां, वाटर स्पोट्र्स प्रदर्शन, एमटीबी साइकिल रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। राणा ने बताया कि पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश के इन 25 सालों में बेहतरीन उपलब्धियां हासिल की हैं। बताया कि टिहरी झील लगातार साहसिक पर्यटन का हब बनती जा रही है। वाटर स्पोट्र्स शो के दौरान आईटीबीपी, नेहरू युवा केंद्र और स्थानीय प्रशिक्षित युवाओं ने टिहरी झील में जेट स्की, बनाना राइडिंग, स्पीड़ बोट, पैरासेलिंग और फ्लाई बोर्ड पर कई करतब दिखाए। श्री गंगा भागीरथी बोट यूनियन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि टिहरी झील साहसकि पर्यटन की दृष्टि से देश-*विदेश में अपना स्थान बना रही है। कहा कि पर्यटन विभाग और टाडा को चाहिए कि यहां पर और पर्यटन सुविधाएं विकसित करें। प्रतिभागियों को विभाग की ओर से सम्मानित किया गया। इस मौके पर बोट यूनियन के सचिव मनीष रावत,उपाध्यक्ष नीरज कोषाध्यक्ष, अनूप पंवार, सुरेश पैन्यूली, सुमेर रावत, मनोज बिजल्वाण, उम्मेद सिंह राणा, गीता चौहान, दर्मियान सिंह नेगी आदि मौजूद थे। (एजेंसी)