कोटद्वार नजीबाबाद चौराह के समीप सड़क पर बनी है अव्यवस्था
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार के नजीबाबाद चौराहे में अव्यवस्थाओं का आलम बना हुआ है। हालत यह है कि नजीबाबाद के लिए संचालित होने वाले मैक्स वाहन चालक नियमों को ताक पर रख बीच चौराहे पर ही वाहनों को खड़ा कर सवारियां भर रहे हैं। जिससे हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। अव्यवस्था के कारण चौराहे पर जाम की स्थिति भी बनी रहती है।
कोटद्वार-नजीबाबाद के मध्य प्रतिदिन कई मैक्स वाहनों का संचालन होता है। लेकिन, यह वाहन नगर के मुख्य चौराहे के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। दरअसल, वाहन चालक राजकीय इंटर कालेज के बाहर चौराहे के समीप ही अपने वाहनों में सवारियां भरते है। ऐसे में पैदल चलने वालों को पर्याप्त मार्ग नहीं मिल पाता। जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। चौराहे में जाम का मुख्य कारण भी यह वाहन ही हैं। वाहन चालकों की मनमानी देखने के बाद भी परिवहन विभाग व पुलिस प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। यहां यह भी बताना जरूरी है कि अधिक सवारियां भरने की होड़ में अकसर यह वाहन चालक नियमों को भी ताक पर रख देते हैं। इतना ही नहीं, इन वाहनों में कई बार क्षमता से अधिक सवारी देखी जा सकती हैं। ऐसे में दुर्घटनाओं का भी अंदेशा बना हुआ है। पूर्व में ओवरलोडिंग के कारण कोटद्वार-नजीबाबाद के मध्य कई हादसे हो चुके हैं। ऐसे में वाहन चालकों की लापरवाही कब किसकी जिंदगी पर भारी पड़ जाए, कहा नहीं जा सकता।
लापरवाह बना सिस्टम
मैक्स वाहनों की लापरवाही को देखने के बाद भी जिम्मेदार सिस्टम लापरवाह बना रहता है। चौराहे में पुलिस कर्मियों की तैनाती के बाद भी वह कोई सख्ती नहीं दिखाते। स्कूल के बाहर गेट पर फैली अव्यवस्था से सबसे अधिक खतरा स्कूली बच्चों को बना रहता है। पूर्व में शहरवासियों ने व्यवस्था में सुधारने के लिए पुलिस व प्रशासन को भी ज्ञापन दिया, लेकिन समस्या को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई।