मौसम के अलर्ट पर सोनप्रयाग से सुबह 10 बजे बाद रोके यात्री

Spread the love

रुद्रप्रयाग। बीती रात से हो रही भारी बारिश के चलते रविवार को सोनप्रयाग में यात्रियों पर विशेष निगरानी रखी गई। सरकार के निर्देशों के बाद सुबह 10 बजे बाद यात्रियों को सोनप्रयाग से आगे नहीं जाने दिया गया जबकि इससे पहले सुबह 5 हजार यात्री धाम को रवाना हुए। केदारनाथ से लौटने वाले यात्रियों को पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों की देखरेख में वापस गौरीकुंड भेजा गया। जनपद में लगातार बारिश हो रही है। शनिवार को रातभर हुई बारिश से सोनप्रयाग में मुनकटिया में केदारनाथ हाईवे बाधित रहा। हालांकि पहाड़ी से मलबा पत्थर रुकते ही पैदल चलने वाले यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दी गई। पुलिस सुरक्षा में उन्हें डेढ़ किमी दूर शटल सेवा की सुविधा से गौरीकुंड पहुंचाया गया। करीब 5 हजार यात्री सुबह 10 बजे से पहले केदारनाथ रवाना हो गए। वहीं सरकार द्वारा 48 घंटे यात्रा रोकने के आदेश के बाद प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में सुरक्षित स्थानों पर ठहरने के निर्देश दिए। पुलिस ने सोनप्रयाग से आगे यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवाजाही रोक दी। हालांकि केदारनाथ से लौट रहे सभी यात्रियों को पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों की मौजूदगी में गौरीकुंड और सोनप्रयाग आने दिया गया। सभी यात्रा पड़ावों पर सुरक्षा जवान पैदल चलने वाले यात्रियों पर निगरानी करते रहे। इधर, सोनप्रयाग में रविवार को 10 बजे बाद करीब 1500 यात्री रुके हैं, जिन्हें सोमवार को मौसम रिपोर्ट के बाद केदारनाथ भेजा जाएगा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार दी गई चेतावनी को देखते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी जा रही है। सुबह दस बजे बाद केदारनाथ जाने वाले यात्री भी सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोके गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *