त्यूणी टैक्सी स्टैंड पर पीने के पानी के लिए दर-दर भटकते हैं यात्री

Spread the love

विकासनगर(। त्यूणी के टैक्सी स्टैंड पर यात्रियों के लिए पेयजल तक की व्यवस्था नहीं है। यात्री पेयजल के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। टैक्सी स्टैंड से रोजाना 50 से अधिक टैक्सियों का संचालन किया जाता है। स्थिति यह है कि यात्री खुद पीने का पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझाते हैं। त्यूणी कस्बा जौनसार बावर, उत्तरकाशी और हिमाचल प्रदेश के सौ से अधिक गांवों का केंद्र बिंदु होने के साथ ही व्यापारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। यहां जौनसार बावर के गांवों के साथ ही हिमाचल प्रदेश और उत्तरकाशी के गांवों के लिए छोटे यात्री वाहनों का संचालन होता है। जबकि हर दिन खरीरदारी के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचते हैं। अधिकांश ग्रामीण छोटे यात्री वाहनों से ही आवागमन करते हैं, जो टैक्सी स्टैंड पर रुकते हैं। ऐसे में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं होने से यात्री परेशान हो जाते हैं। खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए पीने के पानी व्यवस्था करना मुश्किल हो जाता है। मजबूरी में लोगों को खरीदकर पानी पीना पड़ता है। स्थानीय निवासी विनोद कुमार, धर्म सिंह राणा, बिट्ट, प्रवीण, रामचंद्र, भरत सिंह, रविंद्र, जगवीर, विरेंद्र ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसकी वजह से यात्रियों को तो परेशानी होती है। वहीं यहां छोटे-छोटे व्यवसायी हैं जो दुकान संचालित करते हैं, उन्हें भी अव्यवस्था को लेकर परेशानी होती है। गर्मी में पानी नहीं होने पर काफी परेशानी उठानी पड़ती है। बताया कि इस समस्या को दूर करने के लिए जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासन तक गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ। लोगों ने टैक्सी स्टैंड पर प्याऊ लगाने की मांग की है। उधर, एसडीएम प्रेमलाल ने बताया कि जौनसार बावर के सभी सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड पर वाटर कूलर लगाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *