जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लंबे इंतजार के बाद शनिवार को कोटद्वार में पासपोर्ट सेवा केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा। 11 अप्रैल को विदेश राज्यमंत्री पवित्र मार्घेटरिटा व गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी केंद्र का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद कोटद्वार में भी पासपोर्ट बनने शुरु हो जाएंगे। इससे कोटद्वार के साथ ही पहाड़ के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
लोकसभा चुनाव के दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कोटद्वार में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने का वादा किया था। इसके बाद वह लगातार इस प्रयास में जुटे हुए थे। केंद्र से मिली स्वीकृति के बाद भारतीय डाक विभाग की कोटद्वार शाखा की ओर से पासपोर्ट केंद्र के लिए स्थल की तलाश शुरू कर दी गई। तहसील परिसर में पासपोर्ट केंद्र के लिए भवन मिल गया। प्रशासन ने जिला विकास प्राधिकरण के भवन के दो कमरों का जीर्णोद्धार कर वहां पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित कर दिया गया। साथ ही नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में यह भवन को डाक विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद पासपोर्ट सेवा केंद्र में जरूरी उपकरण स्थापित कर किए गए व बीते मार्च माह में केंद्र में ट्रायल कर दिया गया। ट्रायल के दौरान दस युवाओं के पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया की गई। अब 11 अप्रैल से केंद्र में विधिवत पासपोर्ट बनाने का कार्य शुरू हो जाएगा। 11 अप्रैल को विदेश राज्यमंत्री पबित्र मार्घेरिटा और सांसद अनिल बलूनी कोटद्वार पहुंच कर पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन करेंगे।