पौड़ी गढ़वाल में 12.3 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। जनपद पौड़ी गढ़वाल में नशे की तस्करी का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनपद में बेखौफ गांजा की तस्करी की जा रही है। पहाड़ी क्षेत्रों से गांजा लाकर शहरों में पहुंचाया जा रहा है। बीती रविवार देर सांय लैंसडौन पुलिस ने गुमखाल में 12 किलो 300 ग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जनवरी 2021 में जनपद पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के अन्तर्गत 12 व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर 182 किलो 50 ग्राम अवैध गांजा व 800 ग्राम चरस बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल पी. रेणुका देवी के निर्देश पर जनपद में अवैध नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बीती रविवार देर सांय को प्रभारी निरीक्षक लैंसडौन संतोष सिंह कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुमखाल चेक पोस्ट पर चेंकिग अभियान चलाया। इसी दौरान जीएमओयूलि की बस से 12 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अभियुक्तों को लेकर लैंसडौन कोतवाली पहुंची। जहां पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना नाम आनन्द सिंह रावत पुत्र स्व0 मनवर सिंह रावत निवासी ग्राम सीमी पोस्ट संगलाकोटी, तहसील सतपुली, रविन्द्र सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम मानुपर थाना कोटद्वार बताया। प्रभारी निरीक्षक लैंसडौन संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि अभियुक्तों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह उक्त गांजा पहाड़ी क्षेत्रों से एकत्रित करके कोटद्वार व अन्य मैदानी क्षेत्रों में मुनाफा कमाने हेतु ले के जा रहे थे। अभियुक्तों के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी ली जा रही है। नशे के कारोबार में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है, ताकि नशे के बढ़ते प्रचलन पर रोक लग सके। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक लैंसडौन कोतवाली संतोष सिंह कुंवर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रियाज अहमद, उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल, हेड कांस्टेबल मोहन सिंह, कांस्टेबल अनुराग, पदम सिंह, सुरेन्द्र कुमार, भीष्म, अमित रावत आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *