पौड़ी गढ़वाल में होमगार्ड की पत्नी ने लगाया बिना तलाक के दूसरी शादी करने का आरोप

Spread the love

-कहा 12 वर्ष पूर्व बेटी को भी बेच दिया था, एसडीएम से लगाई गुहार,
-एसडीएम ने एनटी को दिए जांच के आदेश
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
कफोलस्यूं पट्टी की एक महिला ने होमगार्ड में कार्यरत अपने पति बिना तलाक लिए ही दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। साथ ही महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पति ने 12 वर्ष पहले बेटी को भी बेच दिया था। महिला ने इस संबंध में एसडीएम से शिकायत की है। एसडीएम ने नायब तहसीलदार को जांच अधिकारी नामित किया है।
शुक्रवार को कफोलस्यूं के सरक्याणा गांव निवासी सुशीला देवी तहसील मुख्यालय पहुंची। यहां उक्त महिला ने एसडीएम के समक्ष अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए। महिला ने बताया कि उसका पति होमगार्ड में सेवारत है। वर्तमान में वह कुंभ मेले में तैनात है। महिला ने एसडीएम को बताया कि उसकी शादी करीब 31 वर्ष पूर्व हुई थी। पति शादी के बाद से ही मारपीट करता था। लेकिन अब पति ने बिना तलाक लिए ही दूसरी शादी कर ली है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने 12 वर्ष पूर्व शादी के नाम पर नाबालिग बेटी को यूपी के किसी व्यक्ति को बेच दिया था। उस दौरान जब मंैने विरोध किया तो मेरे पति ने मारपीट कर मुझे घर में बंद कर दिया था। महिला ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से होमगार्ड के विभागीय अधिकारियों सहित राजस्व पुलिस, रैगुलर पुलिस व जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रही है। लेकिन आज तक उसकी सुनवाई नहीं हुई है। एसडीएम सदर एसएस राणा ने बताया कि महिला की शिकायत पर नायब तहसीलदार पौड़ी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच की रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *