पौड़ी गढ़वाल से मुख्यमंत्री सहित पांच मंत्री नई कैबिनेट में

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की कैबिनेट में भी पौड़ी जिले का दबदबा ही रहा। पौड़ी जिले से मुख्यमंत्री सहित पांच मंत्री नई कैबिनेट में शामिल हैं। इनमें मुख्यमंत्री व एक कैबिनेट मंत्री जनपद पौड़ी का मूल निवासी है। जबकि दो कैबिनेट व एक राज्यमंत्री जिले की विधानसभाओं से विधायक हैं। पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की कैबिनेट में भी जनपद पौड़ी से मुख्यमंत्री सहित पांच लोगों को ही जगह मिली थी।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की नई कैबिनेट में भी एक बार फिर जनपद पौड़ी का दबदबा देखने को मिला है। प्रदेश की इस नई नवेली कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित पांच मंत्री पौड़ी जिले से हैं। प्रदेश की कैबिनेट में इस जिले से सबसे ज्यादा मंत्री बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री जनपद पौड़ी के विकासखंड कल्जीखाल स्थित सीरों गांव के मूल निवासी हैं। जबकि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल जनपद के पौड़ी ब्लाक स्थित औणी गांव के रहने वाले हैं। कोटद्वार से विधायक डा. हरक सिंह रावत को एक बार फिर कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। डा. रावत खिर्सू ब्लाक के गहड़ गांव के रहने वाले हैं। आध्यात्मिक गुरु व चौबट्टाखाल विधानसभा सीट से विधायक सतपाल महाराज को नई कैबिनेट में दूसरी बार कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। महाराज विकासखंड पोखड़ा के धैड़गांव के मूल निवासी हैं। तीरथ के मंत्री मंडल में डा. धन सिंह रावत को राज्यमंत्री का दायित्व सौंपा गया है। डा. धन सिंह विकासखंड थलीसैण के नौगांव के रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *