पौड़ी के खिर्सू ब्लॉक में गुलदार ने किशोर को मार डाला

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल मं गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। खिूर्स ब्लॉक के ओखल्यूं गांव में गुलदार ने दिन दहाड़े एक किशोर पर हमला कर मार दिया। किशोर गांव के समीप ही जंगल में अपने साथियों के साथ मवेशी चुगाने गया था। ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारे जाने व गांव में पिंजरा लगाए जाने की मांग की है। वन विभाग ने घटना की पुष्टि की है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नियमानुसार मुआवजा दिए जाने के साथ ही अन्य कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत सिंगोरी के ओखल्यूं गांव में गुलदार ने 15 वर्षीय पंकज रावत पुत्र जगमोहन सिंह अपने तीन साथियों के साथ हर रोज की तरह गुरूवार को भी मवेशियों को चुगाने के लिए जंगल गये थे। जंगल गांव से ही लगा हुआ है। पंकज व उसके साथ गए बच्चे मवेशियों के समीप ही खेल रहे थे कि तभी अचानक झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने पंकज पर हमला कर दिया। जिससे अन्य तीनों गांव की ओर भागे और उन्होंने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। जब तक ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचते गुलदार पंकज को बुरी तरह घायल कर चुका था। हालांकि ग्रामीणों के शोर से गुलदार पंकज को छोड़ भाग गया। ग्रामीण घायल पंकज को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पौड़ी लाए। जहां चिकित्सकों ने पंकज को मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में भय व गम का माहौल है। ग्रामीण भरत सिंह, ताजवर सिंह, हुकम सिंह, मनीष आदि ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने व गांव में पिंजरा लगाए जाने की मांग की है। वहीं वन क्षेत्राधिकारी पौड़ी अनिल भट्ट ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिए जाने व अन्य कार्रवाई किए जाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *