चारधाम यात्रा को सफल व सुगम बनाने हेतु पौड़ी पुलिस कटिबद्ध : एसएसपी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे ने आगामी चार धाम यात्रा के दृष्टिगत चारधाम यात्रा मार्ग और पुलिस पर्यटन सहायता केन्द्र का निरीक्षण किया। एसएसपी ने चारधाम यात्रा रूट अवरूद्ध होने पर वैकल्पिक मार्ग पौड़ी चुंगी श्रीनगर-बुगाणी-खिर्सू-खेड़ाखाल-खाँकरा-रूद्रप्रयाग का भी जायजा लिया। एसएसपी ने कहा कि यात्रियों की मदद हेतु सम्पूर्ण यात्रा मार्ग पर पुलिस पर्यटन सहायता केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें नियुक्त प्रशिक्षण प्राप्त पुलिस कर्मी 24 घण्टे यात्रियों की सहायता हेतु तत्पर रहेंगे। उन्होंने पुलिस कर्मियों को यात्रियों के साथ मधुर एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं।
विगत वर्षों की तुलना में इस वर्ष चारधाम यात्रा में यात्रियों की काफी संख्या में आने की सम्भावना है, जिसके परिप्रेक्ष्य में मंगलवार को एसएसपी श्वेता ने जनपद के श्रीनगर क्षेत्रान्त्रार्गत चार धाम यात्रा के रुट का जायजा लेते हुये अधीनस्थ कार्मिकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। एसएसपी ने चारधाम यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु अभी से तैयारियां करने, यात्रियों की सुविधा हेतु अधिक से अधिक बैरियर्स/साईन बोर्ड लगाये जाने, यात्रा मार्गों से अतिक्रमण को हटाए जाने, होटल, टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारियों से बैठक आयोजित कर वार्ता करने, चार धाम यात्रा मार्ग पर अनावश्यक रखी सामग्री को सम्बन्धित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुये उन्हें हटाये जाने हेतु क्षेत्राधिकारी श्रीनगर एवं प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिये। एसएसपी ने वाहनों की बढ़ती संख्या के दृष्टिगत क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर को अस्थाई पार्किग व्यवस्था बनाने के निर्देश दिये। साथ ही प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर को नेशनल हाइवे पर मोटर मैकेनिक से जुड़े कारोबारियों को रिपेयर करने वाले वाहनों को सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़ा न करने, सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *