अल्मोड़ा। जिले के दूरस्थ क्षेत्र की एक वृद्ध महिला को लंबे समय से लंबित वृद्धावस्था पेंशन अंततः प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद स्वीकृत हो गई। मामला सामने आने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर लाभ सुनिश्चित कराया। जानकारी के अनुसार ग्राम च्याली, पोस्ट छाना गोलू, तहसील बग्वाली पोखर निवासी रमोती देवी लंबे समय से पेंशन से वंचित थीं। प्रकरण की सूचना सार्वजनिक होने पर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह को निर्देश दिए कि संबंधित महिला की पात्रता संबंधी सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर पेंशन स्वीकृत कराई जाए। निर्देश मिलते ही जिलाधिकारी ने मामले को प्राथमिकता देते हुए उपजिलाधिकारी द्वाराहाट सुनील कुमार और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और अभिलेखों की जांच तथा अन्य औपचारिकताएं पूरी कर पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कर दी। पेंशन स्वीकृत होने पर रमोती देवी और उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री तथा जिला प्रशासन का आभार जताया।