कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने सतपुली क्षेत्र में की जनसभाएं
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार/सतपुली: कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने विकास के नाम पर केवल जनता को गुमराह करने का कार्य किया है। आज महंगाई के कारण जनता परेशान हो चुकी है। कहा कि अब जनता वोट के माध्यम से जनता को अपना जवाब देगी।
रविवार को नगर पंचायत के राधा कृष्ण मंदिर प्रांगण में गोदियाल की जनसभा हुई। जिसमें बीरोंखाल, पोखड़ा, रिखाणिखाल, एकेश्वर, कल्जीखाल, द्वारीखाल, कोट सहित कई अन्य क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। जनसभा को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि बीजेपी के लोगों द्वारा उनकी शिक्षा को लेकर भ्रमित किया जा रहा है। जबकि बीजेपी चाहे तो जांच करवा सकती है। कहा कि भाजपा का कार्य केवल जनता को गुमराह करना है। लेकिन, अब जनता भाजपा की चाल को समझ चुकी है। उन्होंने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुरु गोरखनाथ का चेला और अपने को केदारनाथ बाबा का चेला बातते हुए गुरुभाई कहा। जबकि, भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी को अमित शाह का चेला बताया। कहा कि भाजपा बड़े-बड़े स्टार प्रचारक लेकर आएगी। लेकिन, उनकी स्टार प्रचारक यह जनता है। इस मोके पर जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, पंकज पोखरियाल, राजपाल बिष्ट, कवींद्र इष्टवाल, दिग्मोहन सिंह नेगी, प्रताप सिंह, महिपाल शाह, कीरत रावत, संजय डबराल, सुरेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।