बिजली कार्यालय में लोगों ने किया प्रदर्शन

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : नगर निगम श्रीनगर के नकोट-बिलकेदार में आवासीय बस्तियों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को शिफ्ट किए जाने की मांग को लेकर बुधवार को स्थानीय लोगों ने विद्युत कार्यालय श्रीनगर में सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया और विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। साथ ही कार्यालय में अधिकारी न मिलने पर कड़ा रोष व्यक्त किया। धरने में बैठे पार्षद संदीप रावत ने कहा कि बिलकेदार में 11 हजार केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन दुर्घटना का सबब बनी हुई है। कहा कि नकोट-बिलकेदार निवासी लम्बे समय से घरों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को हटवाये जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई भी कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई है। कहा कि कई लोग हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह से घायल हो चुके हैं, जिसके बाद भी कोई भी कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई है। इस दौरान अधिकारियों के कार्यालय में न मिलने पर स्थानीय लोग धरने पर डटे रहे। स्थानीय लोगों ने कहा कि जब तक अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचकर वार्ता नहीं करते तब तक धरना जारी रहेगा। करीब 3 बजे विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ने कार्यालय पहुंचकर स्थानीय लोगों से वार्ता कर जल्द हाईटेंशन लाइन को शिफ्ट करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने अपना धरना समाप्त किया। इस मौके पर मंगल सिंह, प्रीतम सिंह बुटोला, अनिल कुमार, यशवंत सिंह, शशि भट्ट, पूनम भट्ट, मधु, बबीता, बीना, दिगंबर सिंह आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *