सरकार के खिलाफ भड़के भाबर के लोग

Spread the love

ट्रेंचिंग ग्राउंड को हल्दूखाता में शिफ्ट करने का जताया विरोध
जल्द निर्णय वापस नहीं लेने पर दी आंदोलन की चेतावनी
जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार।
ट्रेंचिंग ग्राउंड को हल्दूखाता में शिफ्ट किए जाने के विरोध में भाबर क्षेत्र के लोगों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि भाबर क्षेत्र में ट्रेंचिंग ग्राउंड किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आक्रोशित लोगों ने जल्द निर्णय वापस नहीं लेने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को भाबर के लोगों ने तहसील परिसर में पहुंचकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार गाड़ीघाट स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड को कंचनपुरी हल्दूखाता में शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है। भाबर वासी सरकार की इस योजना का पूरा विरोध करते हैं। कहा कि हल्दूखाता का अधिकांश भाग वन क्षेत्र से सटा हुआ है। ऐसे में यहां ट्रेंचिंग ग्राउंड बनने से इसका असर जंगली जानवरों व पर्यावरण पर भी पड़ेगा। वर्तमान में हल्दूखाता में कई स्कूल व अन्य शैक्षणिक संस्थान भी चल रहे हैं। कूड़े की दुर्गंध से पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानियो ंका सामना करना पड़ सकता है। कहा कि पहले ही भाबर वासी जशोधरपुर में संचालित हो रही फैक्ट्रियों के धुएं से परेशान है ऊपर से सरकार एक और समस्या उनपर थोप रही है। जनता के हित को देखते हुए सरकार को ट्रेंचिंग ग्राउंड आबादी क्षेत्र से दूर शिफ्ट करना चाहिए। यदि सरकार जल्द अपना निर्णय वापस नहीं लेती तो भाबर वासी एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर प्रमोद रावत, विनोद बहुखंडी, वीरेंद्र सिंह, हरेंद्र बिष्ट, अनिल मैंदोला, प्रवीन थपलियाल,विशंबर दत्त धूलिया, मनोज नेगी और संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *