नई टिहरी : तीर्थनगरी देवप्रयाग के लोग इस बार नगर पालिका देवप्रयाग के बजाय ऋषिकेश नगर निगम के मेयर पद के परिणाम को जानने को अधिक उत्सुक बने हैं। ऋषिकेश नगर निगम मेयर पद के लिए देवप्रयाग क्षेत्र निवासी निर्दलीय दिनेश मास्टर मजबूत प्रत्याशी के तौर पर यहां उतरे हैं। देवप्रयाग ब्लॉक के खरसाडी टोल गांव निवासी दिनेश मास्टर भरपूर पट्टी के जाने माने सामाजिक कार्यकर्ता रहे हैं। बीते अक्तूबर 2019 में दिनेश मास्टर त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव में भी क्षेत्र पंचायत बमाणा से चुनाव मैदान में उतरे थे। ऋषिकेश से आकर अपने क्षेत्र में पहली बार चुनाव लड़े दिनेश मास्टर यहां ग्रामीण मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में सफल नहीं रहे थे। महज 128 मत लेकर वह तीसरे स्थान पर रहे थे। जबकि उनके प्रतिद्वंदी पीतांबर दास 316 मत लेकर बीडीसी सदस्य चुने गए थे। वहीं 215 मत पर महेश कुमार यहां दूसरे स्थान पर रहे थे। कांग्रेस में प्रदेश स्तरीय पदों पर रहते दिनेश मास्टर ने ऋषिकेश नगर निगम में मेयर पद चुनाव के लिए पार्टी से बगावत तक कर दी। दोनों प्रमुख दलों भाजपा, कांग्रेस की ओर से मेयर पद पर यहां मैदानी मूल के प्रत्याशी को उतारने जाने के बाद पहाड़ी मूल के दिनेश मास्टर के पक्ष में बड़ी संख्या में यहां पहाड़ी मतदाता लामबंद होते दिखे हैं। जिसके चलते दिनेश मास्टर की जीत को लेकर देवप्रयाग क्षेत्रवासियों को काफी आशा बंधी है। क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और युवाओं ने दिनेश मास्टर के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए ऋषिकेश में भी डेरा डाले रखा। (एजेंसी)