मेयर शंभू पासवान के समर्थन में उतरे शांतिनगर के लोग

Spread the love

ऋषिकेश। शांतिनगर में सड़क निर्माण कार्य रोकने से क्षेत्रवासी खफा हैं। विभिन्न वार्डों के पार्षदों के साथ क्षेत्रवासी मेयर के समर्थन में उतर गए हैं। सोमवार को नगर निगम पहुंचकर उन्होंने मेयर शंभू पासवान के पक्ष में नारेबाजी की। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्य रोकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चेताया कि विकास कार्य रोकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। बीती शनिवार परशुराम चौक के पास खोदी गई सड़क को लेकर कुछ लोगों का मेयर शंभू पासवान से विवाद हो गया था। इस दौरान मेयर के साथ अभद्रता करने का भी आरोप लगा। घटना से नाराज लोग विभिन्न वार्डों के पार्षदों के साथ सोमवार को नगर निगम पहुंचे। जहां उन्होंने मेयर शंभू पासवान के समर्थन में नारेबाजी की।
भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने कहा कि शांतिनगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो रहा है। इसके लिए सड़क खोदकर उसका लेवल नीचे करने के साथ ढलान दी जा रही है, लेकिन कुछ लोग विकास कार्य में बाधा डाल रहे हैं। जिसके समर्थन में विभिन्न वार्डों के पार्षद बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों को लेकर मेयर को समर्थन देने पहुंचे है।
पूर्व पार्षद बृजपाल राणा ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य रोकने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत आ रही है। इसलिये विकास कार्यों का विरोध करना उचित नहीं है। भाजपा नेता एकांत गोयल ने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप ही सड़क निर्माण कार्य हो रहा है। शांतिनगर क्षेत्र में कुछ लोगों के अतिक्रमण करने से जलभराव की समस्या बनी है। नाले के मूलस्वरूप को बंद कर अतिक्रमण कर दिया गया है। मूल नाला बंद होने से बरसाती पानी सड़क पर जमा हो रहा है। उन्होंने जल्द निर्माण कार्य पूर्ण करने की मांग की।
इस दौरान पार्षद पायल बिष्ट, संध्या बिष्ट, सुनीता भारद्वाज, रेहा ध्यानी, किशन मंडल, दीपक बिष्ट, प्यारेलाल जुगरान, अरुण बडोनी, शिवकुमार गौतम, राजू शर्मा, सोनू पाण्डेय, नितिन सक्सेना, कविता शाह, रुचि जैन, ललन राजभर, जितेन्द्रपाल पाठी, हरपाल सिंह, सरेन्द्र मौर्य, सुभाष सैनी, सत्यवीर तोमर, प्रवीणसिंह, नीरज सहरावत, विपिन चौहान, मनोज शाण्डिल्य, रमेश अरोड़ा, नंद किशोर जाटव, रामरतन शर्मा, शैलेन्द्र सिंह, विकास तेवतिया, रीता गुप्ता, बचनी देवी, उर्मिला देवी, संदीप कुमार, पूनम, ज्येाति,सरला राणा, संदीप शास्त्री, विशाल कक्कड़, संजय गुप्ता, सुरेन्द्र सिंह आदि शामिल थे।
ये है पूरा मामला: नगर निगम प्रशासन सोमेश्वर मंदिर मार्ग का नवीनीकरण कर रहा है। इसमें बरसाती पानी के जमाव की समस्या के समाधान के लिए परशुराम चौक के नजदीक करीब 60 मीटर सड़क के पैच को खोदा गया है। यह खुदाई सड़क पर ढलान बनाने के लिए की जा रही है, जिससे बरसाती पानी की त्वरित निकासी संभव हो सके। बीती शनिवार को कुछ लोगों ने सड़क निर्माण को लेकर नाराजगी जता मेयर का घेराव कर दिया। जिससे क्षेत्रवासी नाराज हो गये और सोमवार को सड़क निर्माण तेज गति से करने को लेकर समर्थन देने निगम पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *