जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिला मुख्यालय समेत पाबौ व थलीसैंण क्षेत्र में होली पर्व पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर और पानी की बौछार कर होली का आनंद लिया।
बुधवार सुबह से ही मोहल्लों और बाजारों में होली का उत्साह दिखाई देने लगा। दोपहर तक पूरे मुख्यालय में रंगों का माहौल बना रहा और लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर होली की बधाई दी। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में कुल 43 लोग उपचार के लिए पहुंचे। नर्सिंग अधिकारी सौरभ शुक्ला ने बताया कि 25 लोग सड़क दुर्घटनाओं में घायल होकर अस्पताल पहुंचे, जबकि अन्य मामले नशेड़यों से जुड़े हुए थे। इनमें से दो को भर्ती किया गया। बताया कि कई लोग अत्यधिक नशे की हालत में भी अस्पताल लाए गए। इस कारण 108 एम्बुलेंस सेवाएं भी व्यस्त रहीं, त्योहार को देखते हुए पुलिस पूरे दिन मुस्तैद रही।