जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : तहसील सतपुली में बुधवार को राजस्व उपनिरीक्षकों की प्रदेश व्यापी हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल से भूमि बंदोबस्त, मूल निवास, स्थाई निवास समेत कई प्रमाण पत्रों पर उपनिरीक्षक की स्वीकृति व जांच नहीं हो पा रही है। हड़ताल से ग्रामीणों को तहसील से बिना काम करवाए ही मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
राजस्व क्षेत्रों के शत प्रतिशत पुलिस कार्यों को दैनिक पुलिस को सौंपने और खतौनियों में अंश निर्धारण कार्यों को लेकर राजस्व उपनिरीक्षक बीते मंगलवार से दो दिवसीय कार्य बहिष्कार पर है। बुधवार को भी राजस्व उपनिरीक्षकों ने हड़ताल जारी रखी। इस दौरान स्थानीय समेत दूर दराज ग्रामीण इलाकों से तहसील पहुंचे लोगों को अपने जरूरी दस्तावेज बनवाने के लिए परेशानी उठानी पड़ी। हड़ताल में कानूनगो अशोक कुमार जोशी, सरस्वती चौहान, अमित नेगी, आशीष कुमार आर्य, वेद प्रकाश सिंह पटवाल, भुवनेश धस्माना, विपिन रावत, दीपिका रहे।