हरिद्वार()। धर्मनगरी में गुरुवार को पूरा दिन कोहरा और बादल छाए रहें। इस कारण दिन में धूप नहीं निकली। साथ ही सर्द हवाएं चलने से लोग ठंड में ठिठुरते रहे। सुबह के समय घने कोहरे के बीच कामगार कंपकपाते हुए अपने कार्यस्थलों पर पहुंचे। वहीं आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट रिकॉर्ड हुई। आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को धर्मनगरी में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बुधवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। गुरुवार को भी धर्मनगरी में सुखी ठंड का प्रकोप जारी रहा। दिन में लोगों को ठंड के कारण बड़ी परेशानी उठानी पड़ी। इस दौरान लोगों को अतिरिक्त गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। सड़कों और गली मोहल्लों लोग आग तापने को मजबूर रहे। दोपहर में भी ठंड का अहसास बना रहा। शाम को घना कोहरा छाने और सर्द हवाएं चलने से ठंड बढ़ गई। कोहरे के कारण सुबह और शाम के समय सड़कों पर दृश्यता कम रही। इस दौरान वाहन हेडलाइट जला कर आवाजाही करते नजर आए।