पेयजल संकट से त्रस्त लोगों का दिलाराम वाटर वर्क्स में मटका फोड़ प्रदर्शन

Spread the love

देहरादून। राजपुर रोड, काठबंगला, ढाकपट्टी, किशनपुर क्षेत्र के पेयजल उपभोक्ताओं ने पेयजल संकट से त्रस्त होकर बुधवार को दिलाराम वाटर वर्क्स स्थित जल संस्थान के अधिशासी अभियंता कार्यालय में मटका फोड़कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस महानगर महिला इकाई अध्यक्ष उर्मिला ढौंडियाल थापा के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान पेयजल संकट का समाधान न होने पर गुरुवार को फिर वाटर वर्क्स में धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। कांग्रेस महानगर महिला अध्यक्ष उर्मिला ढौंडियाल थापा ने बताया कि पूरे वार्ड नम्बर 4 राजपुर क्षेत्र में पिछले एक हफ्ते से सैकड़ों की आबादी पेयजल संकट का सामना कर रही है। जल संस्थान में शिकायत करने पर भी समाधान नहीं किया जा रहा। अधिकारी सिर्फ कोरे आश्वासन ही देते रहते हैं। मौजूदा समय में मसूरी डायवर्जन से नीचे किशनपुर, काठबंगला, आंशिक कैनाल रोड, शनि देव मंदिर से आगे गब्बर सिंह बस्ती, ढाकपट्टी गांव राजपुर में पानी की भारी किल्लत है। काठ बंगला में 64 घरों के लोग तीन जून से एक किलोमीटर दूर से पानी ढोकर ला रहे हैं। किशनपुर में जहां तीसरी, चौथी मंजिल तक भी आसानी से पानी चढ़ जाता था वहीं अब पानी का लो प्रेशर है। कैनाल रोड में छह दिन से लोग टैंकर के भरोसे चल रहे हैं। उर्मिला थापा ने चेतावनी दी कि यदि जल संस्थान ने समस्या का समाधान नहीं किया तो गुरुवार को फिर दिलाराम वाटर वर्क्स में बृहद प्रदर्शन होगा। जल संस्थान उत्तर डिवीजन के ईई संजय सिंह ने बताया कि शहंशाही स्रोत पर पानी कम मिल रहा है। वहीं कुछ स्थानों पर वाल्व में भी समस्या है। जिसका समाधान कर दिया जाएगा। मौके पर सरस्वती देवी, राजकुमारी, सविता, उदय सिंह रावत, सावित्री देवी, संगीता, अनुराधा तिवाड़ी, मेरुनिशा, सुमन कुमारी, पूजा पांडे, अनिता नेगी, संगीता कठैत, भारती देवी, चेतराम यादव, हरिबहादुर क्षेत्री, पल्लवी, ललिता देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *