लोगों ने जल संस्थान कार्यालय का किया घेराव

Spread the love

नई टिहरी : तीर्थनगरी देवप्रयाग नगर पालिका की धनेश्वर वार्ड में बीते तीन माह से पेयजल संकट बना हुआ। पानी न आने से गुस्साए लोगों ने जल संस्थान कार्यालय का घेराव करते हुए नारेबाजी करते हुए जुलुस प्रदर्शन किया। लोगों ने शीघ्र जलापूर्ति बहाल ना होने पर विभागीय कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी है। मंगलवार को जलापूर्ति न होने से गुस्साए धनेश्वर वार्ड के लोगों ने जल संस्थान कार्यालय तक जमकर नारेबाजी करते जुलूस निकाला। वार्ड के लोगों का कहना है कि, जल संस्थान पिछले तीन माह से लगातार जलापूर्ति सुचारु करने का आश्वासन दे रहा है मगर अभी तक भी यहां पेयजल किल्लत से सभी की जूझना पड़ रहा है। बताया कि वार्ड वासी दो किलोमीटर दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं। पौड़ी जिला स्थित धनेश्वर वार्ड के बाह बाजार, रौड, सौड गांव के लोग सभासद विमल मिश्रा की अगुवाई में जल संस्थान कार्यालय तक नारेबाजी करते पहुंचे। आक्रोशित वार्डवासियों ने कहा कि कई बार शिकायत व ज्ञापन दिये जाने के बावजूद पेयजल समस्या जस की तस बनी है। पानी को लेकर उनका दैनिक जीवन खासा प्रभावित है। सभासद मिश्रा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिनों में वार्ड में पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं होती है तो वह जल संस्थान कार्यालय पर तालाबंदी के साथ ही आमरण अनशन को बाध्य होंगे। प्रदर्शन में पूर्व प्रधान उत्तम सिंह, सजन सिंह, प्रदीप मिश्रा, सुरेंद्र कुमार, विनोद मिश्रा, चुन्न भट्ट, कुसुम देवी, लाली देवी आदि शामिल रहे। आयुषी वर्मा सहायक अभियंता जल संस्थन देवप्रयाग ने बताया कि वार्ड- 4 में पेयजल संकट दूर करने के लिए नई लाइन बिछाई जाएगी। इस दौरान लोगों के लिए मेन लाइन से आपूर्ति की जाएगी। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *