काशीपुर(। सर्दी से लोगों को बचाने के लिए निकायों ने इंतजाम कर लिए हैं। नगर पालिका जसपुर और नगर पंचायत महुवाडाबरा में इसके लिए अलग व्यवस्था की है। गद्दे लिहाफ का इंतजाम किया गया है। वहीं निकायों ने अपने क्षेत्रों में अलाव जलाने की कवायद शुरू कर दी है। पिछले दिनों नए डीएम ने सर्दी को देखते हुए निकायों को रैन बसेरों में रात को फंसे अथवा बेघरों को सुलाने के निर्देश दिए थे। जसपुर के स्वास्थ्य केंद्र में बने रैन बसेरे में ईओ शाहिद अली ने पांच बेड, पांच तख्त गद्दे, लिहाफ आदि की व्यवस्था करा दी है। साथ ही सीएमएस को नजर रखने को कहा है। ईओ ने बताया कि जसपुर के 15 सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। वहीं, महुवाडाबरा में रैन बसेरा न होने के कारण निकाय ने शिव मंदिर के दो कक्षों में महिला एवं पुरुषों के ठहरने की व्यवस्था की है। महुवाडाबरा के ईओ अदित्य जोशी ने बताया कि दो कक्ष बनाकर ठंड से बचाव के इंतजाम कर दिए हैं। साथ ही पंचायत क्षेत्र में पांच स्थानों में अलाव जलाने के आदेश दिए हैं।