छह घंटे की कटौती में उमस से परेशान हुए लोग

Spread the love

हल्द्वानी। हर दिन हो रही बिजली कटौती से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। गुरुवार को दमुवाढूंगा, लालडांठ और ऊंचापुल क्षेत्र में छह घंटे की कटौती हुई। ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने लाइन मेंटेनेंस का कार्य करने को इस का कारण बताया। हल्द्वानी के शहरी क्षेत्र में कई इलाकों में बिजली की कटौती की गई। सुबह 11 बजे से शुरू हुई कटौती देर शाम लगभग पांच बजे बहाल हो सकी। दमुवाढूंगा, लालडांठ और ऊंचापुल क्षेत्र में उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी। अन्य क्षेत्रों में भी बिजली की आंख मिचौली होने से लोगों को उमस भरी गर्मी में दिक्कतें झेलनी पड़ीं। कटौती से लोगों में विभाग के खिलाफ आक्रोश बना हुआ है। स्थानीय निवासी रमेश बोरा ने कहा ऊर्जा प्रदेश होने के बाद भी लोगों को कटौती का सामना करना पड़ रहा है। साल भर विभाग अलग-अलग तर्क दे कर कटौती जारी रखता है। उमस भरी गर्मी के दौरान हो रही कटौती से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। ऊर्जा निगम के ईई संजय कुमार तिवारी ने बताया लाइन मेंटेनेंस का कार्य विभाग द्वारा किया गया। इसके लिए सप्लाई बंद की गई थी। कार्य पूरा होते ही सप्लाई बहाल कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *