लटका 18 से 44 वर्ष तक के लोगों का कोरोना टीकाकरण, प्रदेश में नहीं पहुंची वैक्सीन

Spread the love


जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून।
उत्तराखण्ड में 18 से 44 वर्ष तक के लोगों को कोरोना वैक्सीन अपने तय समय 1 मई से लगना मुश्किल है। क्योंकि अभी तक प्रदेश में इस आयु वर्ग के लोगों के लिए मंगाई गई वैक्सीन नहीं पहुंच पाई है। इस मामले में प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी ने कहा कि 18 वर्ष से 44 वर्ष तक की आयु के लोगों को कोविड वैक्सीन हेतु 122108 डोज कोविशील्ड एवं 42 हजार 370 डोज़ कोवैक्सीन की आपूर्ति जल्द भारत सरकार द्वारा की जाएगी, जिसके तत्पश्चात ही प्रदेश में 18 साल से 45 आयु के लोगों का वैक्सीनेशन शुरू किया जाएगा।
उत्तराखंड में कोविड-19 संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉफ्रेंस करते हुए जानकारी दी कि पिछले कई दिनों से लगातार सरकार द्वारा ऑक्सीजन बेड के लिए इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सरकार द्वारा आम जनता तक पहुंचाने के लिए एक पोर्टल भी बनाया गया है जिसको कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार मॉनिटर भी किया जा रहा है। इसके साथ ही अमित नेगी ने बताया कि ईसंजीवनी पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों को लाभ दिया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, एम्स एवं सेवानिवृत्त चिकित्सकों से भी मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि कोविड हेल्पलाइन 104 पर रोजाना 2000 फोन कॉल प्राप्त किए जा रहे हैं। राज्य सरकार के सामने चुनौतियां बहुत हैं लेकिन ऑक्सिजन सपोर्टेड बेड लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दवाओं एवं मेडिकल इक्विपमेंट्स की कालाबाजारी रोकने हेतु शासन और पुलिस के स्तर पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *