मोहकमपुर रेलवे फाटक बंद होने से लोग परेशान

Spread the love

देहरादून। मोहकमपुर स्थित रेलवे फाटक को फ्लाईओवर निर्माण के बाद स्थायी रूप से बंद किए जाने के खिलाफ क्षेत्रवासियों का आक्रोश फूट पड़ा है। नवादा, नथननपुर और माजरी माफी क्षेत्र की जनता ने रेलवे स्टेशन के अधीक्षक से भेंट कर इस गंभीर समस्या के समाधान की मांग की। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री विनोद सिंह चौहान के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि फाटक बंद होने से माजरी माफी और आसपास के हजारों लोगों को लंबा यू-टर्न लेना पड़ रहा है। सबसे बुरा प्रभाव केंद्रीय विद्यालय के हजारों छात्रों पर पड़ रहा है, जिन्हें भारी ट्रैफिक के बीच लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे न केवल उनका समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि व्यस्त फ्लाईओवर के पास दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। खराब मौसम और कोहरे में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। हाल ही में फ्लाईओवर पर हुए गैस टैंकर रिसाव ने यह स्पष्ट कर दिया कि वैकल्पिक मार्ग न होने से आपातकालीन सेवाएं (एम्बुलेंस) भी जाम में फंस रही हैं। चौहान ने चेतावनी दी कि यदि जनहित में फाटक को नियंत्रित तरीके से नहीं खोला गया या अंडरपास/फुटओवर ब्रिज का निर्माण नहीं हुआ, तो जनता आंदोलन को बाध्य होगी। इस मौके पर पार्षद वीरेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व पार्षद अनूप कपूर, संजय मौर्या, रिपु दमन सिंह, तेजेंद्र रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य आशीष गुसाईं, राहुल शर्मा, प्रमोद शर्मा, मोहन सिंह रावत, भवानी शंकर उनियाल, संदीप राय, सुनील रावत, शैलेश रावत, आशीष, हेमराज शर्मा, लालतेश कुमार, संदीप, आदर्श सूद मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *