ग्राम पंचायत कांडा नाला में नेटवर्क न होने से लोग परेशान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रिखणीखाल ब्लॉक के अंतर्गत केटीआर से सटे ग्राम पंचायत कांडा नाला में एक बार फिर बीएसएनएल का मोबाइल नेटवर्क नहीं आ रहे है। नेटवर्क नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामसभा क्षेत्र के गांव केटीआर से सटे हुए हैं। यहां हमेशा जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। कोई घटना घटती है, तो वे किसी को सूचना भी नहीं दे पाएंगे।
ग्राम प्रधान विनीता ध्यानी ने बताया कि क्षेत्रीय ग्रामीणों को संचार सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए दो वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत कांडा में बीएसएनएल का सब-टावर स्थापित किया गया था, लेकिन आए दिन नेटवर्क की दिक्कत होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण न तो अपने रिश्तेदारों से बात कर पा रहे हैं और न ही उन्हें ऑनलाइन सुविधाएं ही मिल पा रही है। पूर्व में भी नेटवर्क न आने पर उन्होंने अधिकारियों को सूचित किया था जिस पर बीएसएनएल के उच्चाधिकारियों के निर्देशन में टीम कुछ दिनों तक क्षेत्र में सक्रिय रही थी और टावरों की खराबी को दूर किया गया था, लेकिन फिर हालात जस के तस हो गए हैं। बताया कि इस बार भी उन्होंने इस संबध में बीएसएनएल के डीजीएम, एजीएम व जेटीओ को अवगत कराकर समस्या के शीघ्र निस्तारण की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *