थत्यूड़-कैंपटी मोटर मार्ग नहीं बनने से लोग परेशान

Spread the love

नई टिहरी। क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला थत्यूड़-कैम्पटी मोटर मार्ग निर्माण के लगभग 9 साल बाद भी पूरा नहीं बन पाया है। जिस कारण आम लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इस मोटर मार्ग को पूर्ण करने की मांग शासन-प्रशासन से की है। थत्यूड़-कैंपटी मोटर मार्ग के निर्माण के शेष बचे 13 किलोमीटर में से डेढ़ किलोमीटर की स्वीकृति नहीं मिलने के कारण यह सड़क अधूरी पड़ी हुई है। वर्ष 2016 में निर्माण प्रारंभ हुआ। यह निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो सका है। जिससे ग्रामीणों में परेशानी झेलने के कारण आक्रोश है। इस मोटर मार्ग के किलोमीटर 12 से 17 तक सड़क मानकों के अनुरूप नहीं कट पाई, जिससे इस पर सफर करना जोखिम भरा बना हुआ है। इस सड़क से लगडासू, कांडाजाख, कफूल्टी, तूनेटा, लावणी धार, कोल्टी, मवाणा सहित दर्जनों गांवों के सैकड़ों लोग जुड़ते हैं। जिन्हें ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि यह मार्ग बन जाए तो कैम्पटी क्षेत्र के कई गांवों को भी ब्लॉक मुख्यालय तक आने-जाने में सुविधा होगी। ग्रामीणों का मानना है कि यदि यह मार्ग पूरा हो जाता है तो मसूरी और कैम्पटी आने वाले पर्यटक थत्यूड़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल देवलसारी और नाग टिब्बा तक आसानी से पहुंच सकते हैं। इससे स्थानीय युवाओं को होमस्टे और स्वरोजगार के नए अवसर भी मिलते और क्षेत्र का आर्थिक विकास भी संभव होता। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जयपाल कैरवाण, ग्राम प्रशासक देवेंद्र पंवार, पूर्व प्रधान दयाल सिंह, विक्रम सिंह पंवार, सुभाष पंवार आदि ने शासन-प्रशासन से शीघ्र इस अधूरे मोटर मार्ग को पूरा करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *