वसंत पंचमी पर सेलाकुई में जाम के झाम से परेशान रहे लोग

Spread the love

विकासनगर। औद्योगिक नगरी सेलाकुई में वसंत पंचमी के लिए खरीदारी करने उमड़े लोगों और मंदिरों की ओर जा रहे श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण रविवार सुबह से ही जाम लगना शुरू हो गया। दोपहर एक बजे तक पूरे कस्बे में जाम की स्थिति बनी रही। जाम कॉलोनियों तक पहुंच गया, इसके चलते कॉलोनियों के बाशिंदों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे लोग सोशल मीडिया पर भी अपनी आपबीती बताते दिखे। सेलाकुई में हर दिन लगने वाले जाम से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है। लोग सोशल मीडिया पर भी अपनी आप बीती बता रहे हैं। औद्योगिक नगरी होने के बावजूद यहां यातायात को नियंत्रित करने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। रविवार सुबह वसंत पंचमी की खरीदारी करने और मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग सेलाकुई बाजार पहुंचे। इसके साथ ही साप्ताहिक अवकाश होने के कारण औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिक भी रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदने बाजार की ओर उमड़े। लिहाजा सामान्य दिनों की अपेक्षा सड़क पर ज्यादा वाहन और भीड़ दिखाई दिए। इससे जाम की स्थिति पैदा हो गई। देहरादून और हरबर्टपुर की ओर से आ रहे अधिक वाहनों के कारण सुबह दस बजे से ही जाम की स्थिति पैदा हो गई। समय बढ़ने के साथ ही जाम भी बढ़ता गया, इससे संपर्क मार्गों और आवासीय कॉलोनियों तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। हरबर्टपुर से देहरादून की ओर जा रहे पवन अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर आप बीती बयां करते हुए लिखा कि उसे एक किमी की दूरी तय करने में डेढ़ घंटे से अधिक समय लगा। इस दौरान वाहनों के हॉर्न का शोर और धुआं भी परेशानी का कारण बना। उधर, थानाध्यक्ष शैंकी कुमार ने बताया कि मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं और खरीदारी करने आए लोगों ने अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर दिए, जिससे जाम की स्थिति पैदा हो गई, लेकिन पुलिस ने कुछ ही देर में यातायात सुचारु करवा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *