-40 जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को बांटी स्वेटर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प. तारा दत्त बेबनी शूमा-श्यामा चेरिटेबल सोसायटी की ओर से पूर्व संरक्षक स्व. बीडी शर्मा बेबनी, पूर्व संरक्षक स्व. दाता राम बेबनी, पूर्व मुख्य कार्यकारी स्व. नीला शर्मा बेबनी व पूर्व महासचिव स्व. संजीव बेबनी की पुण्य स्मृति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर 40 छात्र-छात्राओं को गर्म स्वेटर वितरित किए गए।
अटल आदर्श उत्कृष्ट विद्यालय राजकीय इंटर कॉलेज बल्ली में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सोसायटी के अध्यक्ष कृपा राम बेबनी (शर्मा) ने व संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत सेमवाल ने किया। इस अवसर पर पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदीश चंद्र बेबनी ने कहा कि अभी भी समाज में कई लोग ऐसे हैं, जिन्हें मदद की आवश्यकता है। समाज के संपन्न लोगों को ऐसे जरूरतमंद लोगों की मदद को आगे आना चाहिए। तभी समाज विकास की राह पर आगे बढ़ पाएगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सोसायटी के अध्यक्ष कृपा राम बेबनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फरीदाबाद में रहते हुए भी वह निरंतर अपनी माटी से जुड़े रहते हैं और यहां जरूरतमंदों को सहायता देते रहते हैं। कृपा राम बेबनी ने कहा कि बच्चे हमारे देश के भविष्य हैं, हमें शिक्षा के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। तभी हम शिक्षित व विकसित समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि हम सोसायटी के माध्यम से बच्चों को लेखन सामग्री, कपड़े, बस्ते आदि मुहैया कराते हुए अपेक्षा रखते हैं कि कोई भी बच्चा स्कूली सामग्री के अभाव में अशिक्षित न रहे। इस मौके पर सोसायटी के सचिव मनोज शर्मा बेबनी, मनमोहन बेबनी, ग्राम प्रधान कांडई, बल्ली, चौंडली, मथाना, रमेश चंद्र बिष्ट, जगदीश चंद्र बेबनी आदि मौजूद रहे।