उपेक्षा से आहत लोगों ने किया चुनाव बहिष्कार का ऐलान

Spread the love

चम्पावत। विकास के नाम पर सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा से आहत टनकपुर के कर्मचारी कॉलोनी के लोगों ने आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है। उन्होंने पिछले कई वर्षों में कॉलोनी में एक भी विकास कार्य नहीं होने की बात कही है। इस संबंध में उन्होंने डीएम को पत्र भेजा है। कर्मचारी कॉलोनी बिचई निवासी बृज बिहारी लाल, राजीव कुमार, संजीव कुमार, पंकज कुमार और निगम मेहता ने बताया कि साल 2007 में पीडब्ल्यूडी की ओर से कॉलोनी में सीसी सड़क बनाई गई थी जिसके बाद 14 वर्ष गुजर जाने के बावजूद एक भी विकास कार्य धरातल पर नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इसके बाद तीन विधानसभा चुनाव हुए जिसमें नेताओं ने विकास का पाठ पढ़ा कर लोगों को गुमराह किया। विशाल सिंह, विकास सिंह और राकेश कुमार ने बताया कि कॉलोनी में स्थाई रूप से न तो पानी है, ना सड़क और ना ही नाली का निर्माण हुआ है। कई बार इस संबंध में शासन और प्रशासन को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से पत्राचार किया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *