जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में लगातार बढ़ रही जन समस्याओं पर नागरिक मंच ने रोष व्यक्त किया है। मंच ने विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन भेजते हुए जल्द समस्यों के निराकरण की मांग की है। कहा कि जनता की समस्याओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समस्या के संबंध में मंच के महासचिव अतुल भट्ट ने विस अध्यक्ष को ज्ञापन भेजा। बताया कि कुछ माह पूर्व रोडवेज कार्यालय निर्माण का भूमि पूजन होने के बाद भी अब तक धरातल पर इसका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। नतीजा, आज भी रोडवेज बस अड्डा बीच शहर में सड़क पर ही संचालित हो रहा है। नगर निगम के वाहनों को पार्क करने के लिए सिताबपुर में स्थान चिह्नित किया गया है। बावजूद इसके या तो वाहन कार्यालय के समीप हाईवे पर खड़े रहते हैं या फिर रामलीला ग्राउंड में। शहर में बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों में पानी की व्यवस्था तक नहीं है। गंदगी के कारण आमजन शौचालय का उपयोग तक नहीं कर पाता। निगम क्षेत्र में सिंचाई नहर व गूलों की सफाई तक नहीं करवाई गई है, इससे काश्तकारों को सिंचाई का पानी तक उपलब्ध नहीं हो पाता। शहर में लगातार रेहड़ी-ठेली व फड़ वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। कहा कि समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए जाने चाहिए।