जनप्रतिनिधियों ने किया बीडीसी बैठक का बहिष्कार

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : कीर्तिनगर विकासखंड में प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा बीडीसी बैठकों में रखे जाने वाले प्रस्तावों पर अमल न होने पर बीडीसी मेंबरों ने मंगलवार को होने वाली बैठक का बहिष्कार कर दिया। जिसके कारण कोरम पूरा न होने पर बैठक को स्थगित करना पड़ा। इस दौरान बैठक के लिए पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। कहा बैठकों में उन्हें कोरा आश्वासन दिया जाता है, जबकि समस्याओं का धरातल पर समाधान नहीं हो रहा है।
कीर्तिनगर में मंगलवार को बीडीसी बैठक प्रस्तावित थी। बैठक में जिला विकास अधिकारी, एसडीएम व अन्य विभागों के अधिकारी पहुंचे थे। लेकिन सभागार में भारी कम संख्या में प्रधान व क्षेपंस मौजूद रहे। जिसके कारण बैठक का कोरम भी पूरा नहीं हो पाया। इसको देखते हुए बैठक स्थगित कर दी गई। इस मौके पर प्रधान संगठन के अध्यक्ष सुनय कुकसाल, दीपिका देवी, क्षेपंस पूजा ने कहा कि प्रधानों व क्षेपं सदस्यों में प्रस्तावों पर अमल न होने से गुस्सा है। जिसके कारण उन्होंने बैठक में नहीं पहुंचने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि पूर्व में जो प्रस्ताव विभिन्न विभागों को दिए गए थे पहले उन पर कार्यवाही हो अन्यथा अगली बैठकों का भी पूर्ण रूप से बहिष्कार किया जाएगा। इधर ब्लॉक प्रमुख सोवन सिंह पंवार ने कहा कि प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों की ओर से प्रस्तावों पर अमल न होने की शिकायतें आई हैं। जिस कारण उन्होंने बैठक में न पहुंचने की बात कही है। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को पूर्व में दिए गए प्रस्तावों व भविष्य में आने वाले प्रस्तावों का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा। (एजेंसी)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *