पेयजल योजनाओं की जांच और जलापूर्ति की मांग को उपवास पर बैठे मोहित

Spread the love

रुद्रप्रयाग। जिले में निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं की जांच और नियमित जलापूर्ति की मांग को लेकर जन अधिकार मंच के अध्यक्ष मोहित डिमरी ने राज्य स्थापना दिवस पर पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम कार्यालय परिसर में उपवास किया। साथ ही उन्होंने सीडीओ के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भी भेजा। जिले में पानी के संकट को लेकर उपवास पर बैठे जन अधिकार मंच के अध्यक्ष मोहित डिमरी के समर्थन में मंच के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी धरना दिया। इस मौके पर मंच के अध्यक्ष मोहित डिमरी ने कहा कि तल्लानागपुर, सिलगढ़ और भरदार क्षेत्र में पानी का सबसे बड़ा संकट बना हुआ है। यहां के लिए योजनाएं तो बनी, लेकिन उसका लाभ आज तक ग्रामीणों को नहीं मिल पाया है। वर्ष 2005-06 में जखोली ब्लॉक के अति पेयजल संकटग्रस्त गांवों के लिए शासन से जवाड़ी-रौंठिया और तैला-सिलगढ़ पेयजल योजनाएं स्वीकृत की गई थी किंतु डेढ़ दशक बाद भी इन योजनाओं का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है, जिस कारण भरदार व सिलगढ़ पट्टी के 30 से अधिक ग्राम पंचायतों की हजारों आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। उन्होंने योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए शासन से धनराशि स्वीकृत करने और कछुवा गति से हो रहे कार्य की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनपद रुद्रप्रयाग में पानी की समस्या दूर नहीं हुई तो जनान्दोलन किया जाएगा। इस मौके पर जन अधिकार मंच के संरक्षक रमेश पहाड़ी, वरिष्ठ सदस्य मगनानंद भट्ट, देवेंद्र प्रसाद दरमोडा, महामंत्री अशोक चौधरी, वरिष्ठ नागरिक केपी ढौंडियाल, देवेंद्र चमोली, मीडिया प्रभारी भगत चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता वीरेंद्र नेगी, गजेंद्र भट्ट, लक्ष्मण बिजवाण, बीरबल सिंह, प्रेम सिंह पंवार, संजीव कुमार, शत्रुघन नेगी, राज रावत, विक्की कप्रवान आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *