अल्मोड़ा। उत्तराखंड चिकित्सा चयन बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाली फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें परीक्षा के निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन पर चर्चा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा 22 मार्च को आयोजित होगी। जनपद में परीक्षा सोबन सिंह जीना राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित केंद्र पर कराई जाएगी, जहां कुल 275 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान शांति और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि परीक्षा निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके। बैठक में राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल सीपी भैंसोड़ा, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ योगेश पुरोहित, तहसीलदार ज्योति धपवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।