फूलदेई पर्व धूमधाम से मनाया, बच्चों में दिखी उत्सुकता

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : फूलदेई का पर्व जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। फूलदेई पर सुबह ही बच्चों ने घरों की देहरी पर फूल डाले। इस दौरान बड़े बुजुर्गों ने बच्चों को फूलदेई पर्व पर होने वाली रस्म रिवाजों की जानकारी दी साथ ही फूलदेई पर पारम्परिक लोकगीत भी गाए। लोगों ने बच्चों को गुड़, चावल, फल और पैसे उपहार में दिए। फूलदेई पर्व को लेकर बच्चे उत्साहित होते है।
फूलदेई के अवसर पर कल्जीखाल, पाबौ के बुरांसी, सैंजी आदि क्षेत्रों में सुबह बच्चों ने फूलों की टोकरी हाथ में लेकर घरों को देहरी पर फूल डाले। गढ़वाल में एक माह तक तक मनाए जाने वाले फूलदेई त्यौहार को लेकर बच्चों में बड़ी उत्सुकता देखी जाती है। राठ क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र प्रसाद नौटियाल ने बताया कि राठ क्षेत्र में फूलदेई का पर्व पूरे पारंपरिक तरीके से मनाया गया। गांवों में बच्चों ने फूलदेई को लेकर रिंगाल की टोकरी लेकर फ्यूंली, बुरांस, आदि के फूलों को इकट्ठा कर लोगों की सुख-समृद्धि के पारंपरिक गीत गाते हुए देहरियों में फूल बिखेरे। बच्चों को मीठे-मीठे पहाड़ी पकवान भी दिए। बताया कि इस पर्व के साथ ही बसंत ऋतु के आगमन का स्वागत भी हो जाता है। वहीं नगर पंचायत और ग्रामीण क्षेत्रों में फूलदेई का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने घर-घर जाकर देली पर फूल और चावल अर्पित कर फूलदेई छम्मा देई, दैणी द्वार भर भकार गीत गाकर लोगों की सुख समृद्धि की कामना की। बच्चे सुबह-सुबह अपने-अपने मोहल्लों में घर-घर गए। घरों में देहरी पूजन कर चावल और पुष्प डाले। तहसील क्षेत्र में भी फूलदेई त्योहार को लेकर बच्चों में काफी उत्साह रहा।

हर्षोल्लास के साथ मनाया फूलदेई पर्व
पौड़ी : कोट ब्लाक के ग्राम सल्डा में फूलदेई का कार्यक्रम पारंपरिक तरीके व बड़े जोश के साथ मनाया गया। इस दौरान बच्चों को फूलदेई त्योहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों ने कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए अपनी संस्कृति व अपने त्योहारों को अपनाने का प्रण लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने बच्चों को गुड़ व दक्षिणा दी। इस मौके पर गौरी, लवली, संध्या, कंचन, आरूषि, शांति देवी, सावित्री देवी आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन समलौण आंदोलन की जिला संयोजिका आशा जखमोला ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *