जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुगड्डा बाजार से गुमखाल को जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पिकअप वाहन खराब हो गया। बीच हाईवे पर खराब पड़े वाहन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का भारी जाम लगा हुआ है। इसके कारण दूर दराज क्षेत्र में जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार दोपहर एक पिकअप वाहन दुगड्डा से गुमखाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान दुगड्डा से आगे कुछ दूरी पर बीच हाईवे पर वाहन खराब हो गया। हाईवे के मध्य में वाहन रूकने से हाईवे के दोनों ओर लंबा जाम लगने लगा। दोपहिया वाहन तो आसानी से निकल जा रहे थे। लेकिन, बस सहित अन्य बड़े वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग से आवागमन के लिए पर्याप्त मार्ग नहीं मिल पाया। जिसके कारण हाईवे पर करीब तीन घंटे तक लंबा जाम लगा हुआ था। चौंकाने वाली बात तो यह थी कि जाम दुगड्डा बाजार तक पहुंच गया था। पिकअप वाहन की मरम्मत होने के बाद ही हाईवे पर वाहनों का संचालन हुआ।