पिकअप वाहन खाई में गिरा चालक की मौत, हेल्पर गंभीर घायल

Spread the love

विकासनगर()। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर हथियारी के पास पिकअप वाहन पैराफिट तोड़कर 150 मीटर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना में विकासनगर निवासी पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उत्तरप्रदेश के बाराबंकी निवासी हेल्पर घायल हो गया। एसडीआरएफ ने दोनों को खाई से निकाला। घायल को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय विकासनगर में भर्ती किया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। शहर कोतवाल विनोद गुसाईं ने बताया कि मंगलवार को एक पिकअप वाहन टैंट का सामान लेकर उत्तरकाशी के डामटा से विकासनगर की ओर आ रहा था। सुबह करीब पांच बजे दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर हथियारी के पास चालक ने स्टीयेरिंग से नियंत्रण खो दिया और वाहन खाई में गिर गया। मार्ग से गुजर रहे लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसडीआरएफ यूनिट प्रभारी सुरेश तोमर टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने वाहन सवार दोनों लोगों को खाई से बाहर निकाला। घायल को 108 आपातकालीन वाहन के माध्यम विकासनगर अस्पताल लाया गया। हेल्पर का अस्पताल में उपचार चल रहा है। कोतवाल विनोद गुसाईं ने बताया कि मृतक चालक की पहचान विकासनगर की मदीना बस्ती निवासी राशिद अली उर्फ राजू (35) के रूप में हुई है। जबकि, उत्तरप्रदेश के बाराबंकी निवासी हाल निवास विकासनगर हेल्पर हुकुम सिंह गंभीर घायल हुआ है। मृतक का पंचनामा भरने के बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। दुर्घटना का कारण प्रथम दृष्टया में चालक को नींद की झपकी आने से वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *