गदेरे में जल कूड़े का ढेर, सड़क तक पहुंची आग की लपटे

Spread the love

देवी रोड में पुलिया के नीचे पनियाली गदेरे में डाला जा रहा गंदगी का ढेर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर के बीच से गुजर रहे पनियाली गदेरे को कई लोगों ने कूड़ा डंपिंग जोन बना दिया है। नतीजा गर्मी के मौसम में आए दिन कूड़े का ढेर धधक रहा है। मंगलवार को कूड़े के ढेर पर लगी आग इतनी भड़क गई कि आग की लपटे सड़क तक पहुंचने लगी। ऐसे में सबसे अधिक परेशान राहगीरों को उठानी पड़ी। शिकायत के बाद भी नगर निगम गदेरे में कूड़ा डालने वालों पर लगाम नहीं लगा पा रहा।
मालूम हो कि, घाड़ क्षेत्र के जंगलों से निकलने वाला पनियाली गदेरा करीब तीन किलोमीटर के हिस्से में शहर के बीच से होकर गुजरता है। लेकिन, कई लोगों ने इस पनियाली गदेरे को कूड़ा घर बना दिया है। नतीजा, नजीबाबाद चौराहे से पांच सौ मीटर दूर देवी रोड में पुलिया के नीचे गदेरे में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। मंगलवार दोपहर कूड़े के ढेर से आग लगने से लपटें सड़क तक पहुंच गई, जिससे राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें शांत होने के बाद ही कई लोगों ने आवाजाही शुरू की। पुलिया के नीचे जल रहा कूड़ा प्रति दिन मुसीबत बन रहा है। बताना जरूरी है कि नदी व गदेरों में किसी भी प्रकार की गंदगी फैलाना वर्जित है। बावजूद इसके पनियाली गदेरे को कूड़ेदान में तब्दील किया जा रहा है। आसपास के व्यापारी खुलेआम अपने प्रतिष्ठानों की गंदगी गदेरे में उड़ेलते नजर आते हैं। इसके बाद भी नगर निगम इसके खिलाफ कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *