देवस्थानम बोर्ड के खिलाफ तीर्थपुरोहितों ने की नारेबाजी, कहा- सरकार केवल कोरे आश्वासन दे रही

Spread the love

रुद्रप्रयाग। केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला व महामंत्री कुबेरनाथ पोस्ती के नेतृत्व में तीर्थपुरोहितों ने देवस्थानम बोर्ड के विरोध में जमकर नारेबाजी की। कहा कि प्रदेश सरकार देवस्थानम बोर्ड के नाम पर चारधाम से जुड़े तीर्थपुरोहित व हक-हकूकधारियों के साथ छलावा कर रही है।
दो वर्ष से धामों में आंदोलन चल रहा है। लेकिन सरकार कोरे आश्वासन दे रही है। तीर्थपुरोहितों का कहना था कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ इस माह के शुरू में वार्ता हुई थी, जिसमें उन्होंने देवस्थानम बोर्ड को लेकर कमेटी गठित की बात कही थी। जिसके आधार पर उन्होंने रुद्रप्रयाग में होने वाले आंदोलन को स्थगित कर दिया था। लेकिन लगभग 20 दिन गुजर चुके हैं। इस दिशा में न तो तीर्थपुरोहितों से बातचीत की गई है और न बोर्ड को रद्द करने के लिए कोई कार्रवाई की जा रही है। कहा कि जब तक मांगपूर्ति नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। तीर्थपुरोहितों ने सरकार व देवस्थानम बोर्ड के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर आचार्य संतोष त्रिवेदी, राजकुमार तिवारी, उमेश पोस्ती, शशि अवस्थी, रमकांत शर्मा, विजेंद्र शर्मा, नितिन बगवाड़ी, विमल तिवारी सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *