नई टिहरी : भिलंगना ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकरण की वित्तीय स्वीकृत मिल गई है। जिससे आने वाले समय में इस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ोत्तरी होगी। अस्पताल के उच्चीकरण के लिए मुख्यमंत्री ने 14.83 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। पीएचसी पिलखी की स्वास्थ्य सेवाओं को दुरूस्त करने को लेकर बीते दो सप्ताह से स्थानीय लोगों का धरना चल रहा है। इस बीच सरकार ने विधायक शक्ति लाल शाह की मांग पर अस्पताल के उच्चीकरण की वित्तीय स्वीकृति दे दी है। सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने बताया कि वर्तमान में पीएचसी पिलखी डिलीवरी सहित विभिन्न सेवाओं को देने के मामले में प्रदेश में अव्वल नंबर है। उन्होंने सितम्बर और अक्तूबर माह में दो प्रसूताओं की रेफर के बाद श्रीनगर अस्पताल में हुई मृत्यु पर शोक जताते हुए सेवाओं को और बेहतर करने का भरोसा दिया है। सीएमओ ने बताया कि पीएचसी पिलखी में पुराने भवनों को ध्वस्त करने के लिए लोनिवि घनसाली को पत्र लिखा है। इसके बाद नए भवन निर्माण किए जांएगे। इस दौरान प्री-फेब्रिकेटेड भवन में पीएचसी पिलखी की सेवाएं संचालित की जाएंगी, साथ-साथ में नए भवन का निर्माण किया जाएगा। भवन बनने के बाद विधिवत तरीके से यहां पर सीएचसी का संचालन शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल अस्पताल में स्थापित एक्सरे मशीन के संचालन के लिए भी टेक्नीशियन की तैनाती के प्रयास किए जा रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि पीएचसी में 20 पद होते हैं, सीएचसी बनने के बाद पदों की संख्या दोगुनी हो जाएगी। सीएचसी में स्त्री रोग, बाल रोग, सर्जन, निश्चेतक (एनेस्थेटिक), चिकित्सा अधीक्षक सहित 9 चिकित्सा अधिकारी के पद सृजित किए जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द इस अस्पताल की सेवाओं में और ज्यादा सुधार आएगा और लोगों को समुचित इलाज की सुविधा मिलेगी। सीएमओ ने सभी से सहयोग की अपील की है। (एजेंसी)