श्रीगढ़ गांव से हटेगी पाइप लाइन, समझौते के बाद मरम्मत कार्य शुरू

Spread the love

चमोली()। श्रीगढ़ गांव में पोखरी पेयजल योजना की पाइप लाइन का कार्य जल संस्थान और ग्रामीणों के बीच समझौते के बाद शुरू हो गया। समझौते के अनुसार जल संस्थान 10 जून तक पाइप लाइन को गांव से बाहर शिफ्ट कर देगा। पोखरी नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल लाइन का पाइप रविवार शाम को श्रीगढ़ गांव में फट गया था। तेज प्रेशर के साथ निकला पानी लोगों के घरों में जा घुसा और पैदल रास्तों को नुकसान हुआ। सोमवार को जब जल संस्थान ने लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया तो ग्रामीणों ने कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों ने सुरक्षा को देखते हुए पेयजल लाइन को गांव से बाहर शिफ्ट करने की मांग की। काफी प्रयासों के बाद भी सोमवार को मामला सुलझ नहीं पाया। मंगलवार को जल संस्थान के अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों के साथ बैठक हुई और ग्रामीणों के साथ समझौता किया गया। इसके बाद जल संस्थान ने लाइन मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा ने बताया कि समझौते के बाद कार्य तेजी से किया जा रहा है। जल्द आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। वार्ता के दौरान जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार सैनी, सहायक अभियंता जगदीश पंवार, ग्राम प्रधान कल्पना देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष रजनी देवी, मधु देवी, सरिता देवी, सौरभ बर्त्वाल, रमेश सिंह बर्त्वाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *