पिथौरागढ़-टनकपुर हाईवे 14 घंटे बाद खुला

Spread the love

चम्पावत। पिथौरागढ़-टनकपुर हाईवे 14 घंटे बाद शुक्रवार सुबह खुल गया है। गुरुवार रात बाराकोट के संतोला के पास हाईवे पर आए मलबे में लोडेड कैंटर फंस गया। इससे यहां से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे फंसे कैंटर को निकाला जा सका। इसके बाद यहां से वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। जाम में फंसने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाराकोट में संतोला के पास हाईवे पर गुरुवार रात करीब नौ बजे एक भारी कैंटर यूके 03 सीए 2194 फंस गया। कैंटर टनकपुर से निर्माण सामग्री लेकर पिथौरागढ़ जा रहा था। संतोला के पास हाईवे पर बारिश की वजह से मलबा भर गया था। तमाम कोशिश के बाद भी कैंटर को मलबे से नहीं निकाला जा सका। शुक्रवार सुबह निर्माण सामग्री निकाल कर कैंटर को खाली कराया गया। इसके बाद पोकलैंड के सहारे पूर्वाह्न करीब 11 बजे कड़ी मशक्कत के बाद कैंटर को मलबे से निकाला जा सका। इधर, कैंटर फंसने से शुक्रवार सुबह सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। कई वाहन सिमलखेत होते हुए पिथौरागढ़ रवाना हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में फंसे यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। सड़क खुलने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
चार दिन में दूसरी बार बंद हुआ एनएच
लोहाघाट। बाराकोट संतोला के समीप नेशनल हाईवे बीते चार दिन में दूसरी बार बंद हुआ है। बीते मंगलवार को भी संतोला के पास एनएच पर पहाड़ी भरभरा कर गिर गई थी। इससे यहां 27 घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही थी। एनएच पर फंसे लोगों को लोहाघाट के बारात घर व अन्य स्थानों पर ठहराया गया था। इस स्थान पर पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है। इस वजह से यहां सड़क बंद होने का खतरा बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *