पिज्जा पड़ा महंगा, 1.93 लाख की ठगी

Spread the love

हल्द्वानी। टीपीनगर में काम करने वाले एक युवक को दोस्ती निभाना महंगा पड़ गया। युवक के दोस्त ने पिज्जा मंगवाकर कैंसिल कर दिया और रिफंड के लिए गूगल से कस्टमर नंबर ले लिया। इसके बाद साइबर ठगों ने झांसे में लेकर युवक के खाते से 1.93 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है। हल्द्वानी निवासी भगवान सिंह ट्रांसपोर्ट नगर में पिछले दो वर्षों से निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उसके सहकर्मी दिनेश चौहान ने 15 जुलाई को पिज्जा ऑर्डर किया था। बाद में कैंसिल कर रिफंड के लिए गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजा गया। इस दौरान एक फर्जी नंबर पर कॉल करने पर दिनेश ने कथित डिलीवरी प्रतिनिधि के कहने पर वीडियो कॉल कर स्क्रीन शेयर की और पीड़ित भगवान की यूपीआई आईडी साझा कर दी। कॉल के दौरान आरोपी ने फोन-पे ओपन कर बैलेंस चेक करने को कहा। जांच की तो पता चला कि उनके बैंक खाते से सात बार में कुल एक लाख तिरानबे हजार रुपये कट चुके हैं। मामले की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दी गई। पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं रुद्रपुर में तहरीर दी है। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि मामले को ट्रांसफर किया गया है। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *