जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ग्रीन आर्मी देवभूमि उत्तराखंड के स्वयं सेवियों की ओर से हरेला पर्व पर पौधा रोपण किया गया। सदस्यों ने मालन पुल के आसपास पौधा रोपण करते हुए उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
पर्यावरण प्रेमियों ने मिलकर मालन पुल के आगे सड़क के किनारे विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया। जिसमें जकरंदा, केसिया गुलका, फ्यूशिया (डांसिंग डॉल प्लांट), विलायती बहेड़ा, जामुन समेत 35 पौधे शामिल थे। साथ ही सभी स्वयं सेवकों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का लोक पर्व हरेला पेड़ पौधों को रोपकर इस पावन धरा को हरा-भरा बनाने का, समृद्धि, हरियाली, पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति उपासना को समर्पित है। हरेला पर्व प्रकृति का संतुलन बनाए रखने का पर्व है जो मानव और पर्यावरण के अंतर-संबंधों का अनूठा पर्व है। यह पर्व प्रकृति उन्नति, समृद्धि और लंबी उम्र की कामना का प्रतीक है। साथ ही यह लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण लोकपर्व है। यह दिन पर्यावरण की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाली समस्त प्रकृति प्रेमियों के परिश्रम एवं एवं उनकी प्रकृति के प्रति संरक्षण के भाव को आभार ज्ञापित करने वाला अवसर है। इस मौके पर प्रणिता कंडवाल, ग्रीन आर्मी देवभूमि के अध्यक्ष शिवम नेगी, कोषाध्यक्ष उत्कर्ष नेगी, स्वयं सेवक विनय रावत, सत्येंद्र सिंह गुसाईं, सुमित सिंह नेगी एवं अरूण कुमार खंतवाल आदि स्वयं सेवक मौजूद रहे।