पर्यावरण संरक्षण को पौध रोपण जरूरी: जिलाधिकारी

Spread the love

जिलाधिकारी डॉ.विजय कुमार जोगदंडे ने किया पौध रोपण
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने शनिवार को ग्राम पंचायत कमेड़ा में हरेला कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों के साथ विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने की अपील की। कहा कि बिना पर्यावरण संरक्षण हम जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते।
पौध रोपण से पूर्व स्कूली छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना तथा अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि पौध रोपण में स्थानीय लोगों को अपने बच्चों के साथ मिलकर पौध रोपण करने के साथ ही पर्यावरण बचाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे मानसून सीजन में विभिन्न विभागों के माध्यम से पौधरोपण कार्यक्रम किया जा रहा है। जिसमें स्थानीय लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी ने हरेला त्यौहार का महत्व बताते हुए कहा कि इस वर्ष हरेला पर्व पर प्रदेश स्तर पर 06 लाख पौधों का रोपण तथा जनपद पौड़ी गढ़वाल में लगभग 03 लाख से अधिक विभिन्न प्रजातियों के फलदार व चारापत्ती वृक्षों का रोपण किये जाने का लक्ष्य रखा गया है। कहा कि लक्ष्य की प्राप्ति हेतु वन विभाग, शिक्षा, पंचायतीराज, कृषि, उद्यान आदि विभागों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पौध को सिर्फ लगाना ही नहीं बल्कि उसकी सुरक्षा करना बड़ी बात है। उन्होंने वहां उपस्थित सभी लोगों को कहा कि परिवार के प्रत्येक सदस्य एक-एक पौधे लगाए तथा उसकी नियमित रूप से देखरेख भी करें जिससे आने वाले समय में बेहतर परिणाम देखने को मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर से जो भी आवश्यकता की जरूरत होती है उसे अवश्य अवगत कराएं। इस दौरान वन विभाग द्वारा 75, उद्यान विभाग 50 तथा वल्र्ड विजन द्वारा 50 विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया। आयोजित कार्यक्रम में समलौंण संस्था, वन विभाग, उद्यान विभाग तथा वल्र्ड विजन संस्था द्वारा ग्राम पंचायत कमेड़ा के ग्रामीणों को अलग-अलग प्रजाति के पौधे उपलब्ध कराए तथा उनके साथ पौधों का रोपण भी किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बेल तथा नगर पालिका अध्यक्ष पौड़ी ने माल्टे के पौधे का रोपण किया। वहीं जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र कमेड़ा का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बच्चों से प्रतिदिन मिलने वाले पौष्टिक आहार की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों की लंबाई, वजन का नाप-जोख भी किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्री को निर्देशित किया कि बच्चों को समय-समय पर विभिन्न क्रियाकलाप भी करवाएं, जिससे उनका मन आंगनबाड़ी केंद्र में बना रहेगा। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, मुख्य उद्यान अधिकारी डीके तिवारी, उप वनक्षेत्राधिकारी राजेंद्र प्रसाद उप्रेती, प्रधानाचार्य कंडारा चंद्रशेखर नौटियाल, ग्राम प्रधान कंडारा सुमन, राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद मेहराज, समलौंण संस्था के अध्यक्ष वीरेंद्र गोदियाल, सदस्य सावित्री ममगांई, वल्र्ड विजन संस्था के राजू जेम्स सहित कुलदीप गुसांईं, राम सिंह गुसाईं, पूनम डोभाल व अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *