जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रांतीय व राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान यु़वाओं को पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहिए। कहा कि खिलाड़ी देश और समाज की असली शान होते हैं। कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर खिलाड़ी न केवल खेल के मैदान में, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की मिसाल बनते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को समय-समय पर सम्मान और प्रोत्साहन मिलना अत्यन्त आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ी खेलों की ओर आकर्षित हो व देश का नाम रोशन कर सके। इस मौके पर राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने पर निशा, राष्ट्रीय स्तर की लंबी कूद में प्रतिभाग करने वाली सोनिया रावत, फुटबाल में लक्की, एथलीट में आशिफ व अक्षित, क्रिकेट में प्रथम कुमार, हाकी में हिमांशी को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रवीन रावत, डा. चंद्रमोहन खर्कवाल, सुधा असवाल, विनीता भारती, गोपा सिंह गुसाई, विजय माहेश्वरी, सुनील सेमवाल, राजीव कपूर, देवेंद्र सिंह नेगी, हेमचंद्र पंवार, कृपाल सिंह, धर्मेंद रावत, अमित राज, जानकी बुडाकोटी, कमल बिष्ट मौजूद रहे।